उदयपुर , जुलाई 28 -- राजस्थान में देवस्थान विभाग द्वारा बुधवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पूरे प्रदेश में संतों और महंतों का सम्मान किया जाएगा।

देवस्थान आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने मंगलवार को बताया कि गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर राज्य के समस्त जिलों में ''गुरु वंदन कार्यक्रम'' के तहत 516 संतों, महंतों का उनके आश्रम, मठ अथवा मंदिर जाकर सम्मान एवं अभिनंदन करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का विशेष ''गुरु वंदन संदेश'' भेंट किया जाएगा।

देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने भी गुरु पूर्णिमा पर ''गुरु वंदन कार्यक्रम'' द्वारा गुरुजनों एवं संतों का वंदन करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।

देवस्थान विभाग द्वारा गुरु पूर्णिमा पर संतों के सम्मान में आयोजित किए जाने वाले गुरु वंदन कार्यक्रम के लिए जिलेवार अधिकारियों को नियुक्त किया गया है जो संबंधित क्षेत्रों में चिन्ह्ति मठ - मंदिरों पर जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन की उपस्थिति में पहुंचकर संत - महंतों का सम्मान एवं अभिनन्दन करेंगें।

भारतीय संस्कृति में गुरु पूर्णिमा का दिवस गुरु, संतों एवं महंतों के सम्मान एवं अभिनंदन का पर्व है जिसके माध्यम से समाज द्वारा संतों के प्रति सम्मान एवं श्रद्धा का भाव प्रकट किया जाता है। इस महत्वपूर्ण आयोजन की समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

उन्होंने बताया कि गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर संत एवं महंत को सम्मान स्वरूप मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से प्रेषित ''गुरु वंदन संदेश'', श्रीफल, शाॅल, दुपट्टा, मिठाई, 2100 रूपए नकद भेंट करके अभिनंदन किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित