जालंधर , सितंबर 01 -- पंजाब के बागवानी एवं रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने श्री गुरु रविदास के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में मंगलवार को जालंधर में 'रन फॉर इक्वेलिटी' नाम से पांच किलोमीटर मैराथन को झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौड़ में 650 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मैराथन सरकारी आर्ट्स एंड स्पोर्ट्स कॉलेज से शुरू होकर कपूरथला चौक, वर्कशॉप चौक और डीएवी कॉलेज फ्लाईओवर से होते हुए वापस कॉलेज पहुंची। इसमें खिलाड़ियों, विभिन्न खेल क्लबों और गैर-सरकारी संगठनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर श्री भगत ने युवाओं से गुरु रविदास जी के समानता, सामाजिक न्याय और सार्वभौमिक भाईचारे के संदेश को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब में भव्य कीर्तन दरबार आयोजित किये गये हैं और मुख्यमंत्री द्वारा रवाना किये गये विशेष प्रचार वाहन 12 हजार से अधिक गांवों में गुरु रविदास जी के जीवन एवं शिक्षाओं पर आधारित डॉक्यूमेंट्री दिखा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रकाश पर्व समारोहों के तहत राज्यभर में 6.50 लाख पौधे लगाने का विशेष अभियान भी चलाया गया है। इसके अलावा डेरा सचखंड बल्लां के निकट 11 एकड़ भूमि पर श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र स्थापित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य गुरु जी की शिक्षाओं पर अकादमिक शोध और उनके संदेश का प्रसार करना है। उन्होंने बताया कि आगामी प्रकाश पर्व कार्यक्रमों के तहत पंजाब के विभिन्न हिस्सों में ड्रोन शो भी आयोजित किये जाएंगे। उन्होंने 'खेडां वतन पंजाब दियां' के चौथे सीजन का जिक्र करते हुए युवाओं से इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

श्री भगत ने कहा कि राज्य सरकार गुरु रविदास की विचारधारा को व्यवहार में उतारते हुए समानता, सामाजिक न्याय और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से गुरु जी द्वारा दिखाये गये सत्य, करुणा और सार्वभौमिक भाईचारे के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। लड़कों की श्रेणी में जशन, दीपक सिंह, रणजोत सिंह, लवप्रीत और भावित ने पहले पांच स्थान हासिल किए। लड़कियों की श्रेणी में हरमिंदर कौर, जसलीन, हरनूर, सुखप्रीत और ख्वाहिश शीर्ष पांच स्थानों पर रहीं। मंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया। इस दौरान भाग लेने वाले खेल क्लबों और एनजीओ को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त दिव्या पी., एसडीएम लाल विश्वास बैंस, जिला खेल अधिकारी गुरप्रीत सिंह, सहायक निदेशक युवा सेवाएं रवि दारा, रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव सुरजीत लाल और स्विमिंग कोच उमेश शर्मा और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित