पंचकूला , अगस्त 03 -- हरियाणा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संत शिरोमणि गुरु रविदास के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर राज्यभर में 'समरसता संकल्प अभियान' चलाने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोगों को जोड़ने के लिए 'भाजपा फॉर हरियाणा' पोर्टल शुरू करने की घोषणा की है। पार्टी ने इसके साथ ही संगठन के विस्तार और बूथ स्तर तक मजबूती पर भी जोर दिया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने सोमवार को पंचकूला स्थित प्रदेश कार्यालय 'पंचकमल' में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक पांच चरणों में चलने वाला समरसता संकल्प अभियान समाज के सभी वर्गों तक पहुंचकर सामाजिक समरसता का संदेश देगा।
उन्होंने कहा कि जल्द शुरू होने वाला 'भाजपा फॉर हरियाणा' पोर्टल समाज सेवा से जुड़ने के इच्छुक लोगों के लिए एक मंच का काम करेगा और पार्टी की जनभागीदारी आधारित गतिविधियों को मजबूती देगा।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि हाल ही में गठित प्रदेश कार्यकारिणी में युवा और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने बताया कि महेंद्रगढ़ और नूंह जिलों को भी जल्द प्रदेश कार्यकारिणी में प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोमवार शाम होने वाली नई कार्यकारिणी की पहली बैठक में संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय की जाएगी।
बृजभूषण शरण सिंह से जुड़े मामले पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि न्यायालय से जुड़े मामलों पर टिप्पणी करना उचित नहीं है।
पंजाब विधानसभा चुनाव में हरियाणा भाजपा की भूमिका को लेकर उन्होंने कहा कि संगठन जो भी जिम्मेदारी सौंपेगा, उसका पालन किया जाएगा।
समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इस विषय पर वह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से चर्चा करेंगी। वहीं नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्ष ने संसद में इसका विरोध किया था।
इससे पहले डॉ. अर्चना गुप्ता ने चार जिलों के मंडल अध्यक्षों एवं मंडल प्रभारियों के साथ बैठक की। बाद में नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणीन्द्रनाथ शर्मा, मुख्य प्रदेश प्रवक्ता डॉ. संजय शर्मा और प्रदेश मीडिया प्रमुख भूपेश्वर दयाल भी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित