चंडीगढ़ , जुलाई 13 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को घोषणा की है कि गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित करते हुए राज्य सरकार वर्ष 2026-27 के दौरान पूरे राज्य में 1.50 करोड़ पौधे लगाएगी।

इस अभियान के तहत हर जिले में 6.50 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा, जिससे यह पंजाब के सबसे बड़े पर्यावरण संरक्षण अभियानों में शामिल होगा।

वन विभाग के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने के लिए युद्ध स्तर पर पौधारोपण अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026-27 के दौरान 1.50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है और श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर प्रत्येक जिले में 6.50 लाख नए पौधे लगाये जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में इस विशेष अभियान की विस्तृत कार्ययोजना और क्रियान्वयन की रूपरेखा भी सार्वजनिक की जाएगी।

श्री मान ने कहा कि इससे पहले भी सरकार ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर राज्य के प्रत्येक जिले में 3.50 लाख पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और पंजाब की आध्यात्मिक विरासत के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की थी। मुख्यमंत्री ने वन विभाग के कर्मचारियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि कर्मचारी पहले की तरह पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्व निभाते रहेंगे तथा अब और अधिक निष्ठा के साथ इस अभियान को सफल बनाएंगे। उन्होंने कहा कि यह पौधारोपण अभियान केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि श्री गुरु रविदास जी महाराज द्वारा दिये गए समानता, करुणा और सामाजिक सद्भाव के संदेश को भी जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। सरकार का उद्देश्य हरित आवरण बढ़ाने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित