चंडीगढ़ , सितंबर 22 -- पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर देश के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को श्री खुरालगढ़ साहिब से जोड़ते हुए चार विशाल शोभायात्राएं निकालेगी।

वित्त मंत्री ने पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंड और विभाग के सलाहकार दीपक बाली के साथ संवाददाता सम्मेलन में बताया कि चारों शोभायात्राएं तीन दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेंगी। इसके बाद चार दिसंबर को श्री अखंड पाठ साहिब का आरंभ और छह दिसंबर को भोग समारोह होगा।

श्री चीमा के अनुसार पहली शोभायात्रा 30 नवंबर को वाराणसी से रवाना होकर कानपुर, दिल्ली, अंबाला, साहिबजादा अजीत सिंह नगर और रूपनगर से होते हुए तीन दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी। दूसरी शोभायात्रा दो दिसंबर को फरीदकोट से शुरू होकर फिरोजपुर, मोगा, लुधियाना, शहीद भगत सिंह नगर और गढ़शंकर से गुजरेगी।

तीसरी शोभायात्रा एक दिसंबर को बठिंडा से रवाना होकर बरनाला, मानसा, लहरागागा, संगरूर, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, मोरिंडा और रूपनगर होते हुए श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी। चौथी शोभायात्रा 30 नवंबर को जम्मू से शुरू होकर पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर और होशियारपुर से होते हुए तीन दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी।

वित्त मंत्री ने कहा कि गुरु रविदास की शिक्षाओं और पवित्र बाणी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए राज्यभर में ड्रोन शो, शैक्षणिक संगोष्ठियां, निबंध प्रतियोगिताएं, विचार-विमर्श और कीर्तन दरबार सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित