चंडीगढ़ , अगस्त 03 -- पंजाब सरकार द्वारा गुरु रविदास के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में वर्षभर चलने वाले समारोहों की तैयारियां तेज़ कर दी गयी हैं।
पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंद ने सोमवार को उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न विभागों को सभी कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए व्यापक और पुख्ता इंतज़ाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
बैठक में जानकारी दी गयी कि जुलाई से नवंबर तक पूरे पंजाब में धार्मिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इस अवसर पर सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल, पंजाब हेरिटेज एंड टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड के सलाहकार दीपक बाली तथा विभिन्न धार्मिक और शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
उन्हें बताया गया कि पंजाब के प्रमुख विश्वविद्यालयों में गुरु रविदास के जीवन, दर्शन और विरासत पर सेमिनार एवं कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। इसके साथ ही समानता, सामाजिक न्याय और सार्वभौमिक भाईचारे का संदेश फैलाने के लिए विशेष कीर्तन समागम भी आयोजित किये जा रहे हैं। समारोहों के तहत पंजाब में 650 एकड़ भूमि पर गुरु रविदास जी की बगीचियां विकसित की जा रही हैं। इसके अलावा 6.50 लाख पौधों का रोपण, 6.50 लाख स्मृति ध्वजों का वितरण, सभी जिला मुख्यालयों पर 'रन फॉर इक्वालिटी' मैराथन तथा पूरे राज्य में साइकिल रैलियों का आयोजन भी किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि अक्टूबर के पहले सप्ताह में वाराणसी, फरीदकोट, बठिंडा और जम्मू से श्री खुरालगढ़ साहिब तक चार भव्य शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी। इसके बाद नौ से 11 अक्टूबर तक श्री खुरालगढ़ साहिब में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय समारोह आयोजित होगा, जिसमें गुरु रविदास के जीवन पर प्रदर्शनी, कथा-कीर्तन दरबार, संत सम्मेलन, गुरु रविदास जी की वाणी पर संगोष्ठियां, बेगमपुरा समागम तथा मीनार-ए-बेगमपुरा में 3डी प्रोजेक्शन शो प्रमुख आकर्षण होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित