अमृतसर , अगस्त 13 -- युवा सेवा विभाग,अमृतसर की ओर से गुरु नानक देव विश्वविद्यालय में गुरुवार को जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के 17 कॉलेजों के 200 से अधिक रेड रिबन क्लब स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के डीन छात्र कल्याण सतनाम सिंह देओल ने युवाओं से जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने और समाज को नशामुक्त बनाने में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी देश की रीढ़ हैं।
कार्यक्रम में एचआईवी/ एड्स और नशामुक्ति पर जागरूकता सत्र आयोजित किये गये। विशेषज्ञों ने युवाओं को एचआईवी/ एड्स से बचाव तथा नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी।
रेड रिबन क्लब स्वयंसेवकों ने नशा विरोधी रैली निकालकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर रेड रिबन क्लब की गतिविधियों और एचआईवी/एड्स जागरूकता में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जिले के 10 सर्वश्रेष्ठ नोडल अधिकारियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।सहायक निदेशक युवा सेवाओं ने युवाओं से खेल, शिक्षा, सांस्कृतिक गतिविधियों और समाजसेवा से जुड़ने तथा नशे से दूर रहने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित