यमुनानगर , अक्टूबर 13 -- हरियाणा में यमुनानगर के गुरु नानक गर्ल्स कॉलेज, संतपुरा 29 एनसीसी कैडेट ने संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी) में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
शिविर में कैडेट को थ्योरी कक्षाओं, ड्रिल प्रशिक्षण और व्यक्तित्व विकास से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। शिविर के दौरान साहिबा का चयन प्रतिष्ठित गणतंत्र दिवस शिविर (आरडीसी) के लिए हुआ, यांशु धारीवाल को बेस्ट कैडेट और पार्थ्वी को बेस्ट फायरर का पुरस्कार प्राप्त हुआ। प्राची राणा ने मंच संचालन की जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
शीतल, हिमानी शर्मा और मनीषा की टीम ने वॉलीबॉल प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। रमनजोत कौर ने कैंप में टीम कमांडर की ड्यूटी संभाली और हिमानी शर्मा ने कैंप सीनियर की भूमिका निभाई।
यह शिविर कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज पारेख के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। एएनओ मेजर डॉ. गीतू खन्ना ने बताया कि सभी कैडेट्स ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया।
इस अवसर पर कॉलेज के निदेशक डॉ. वरिंदर गांधी एवं प्राचार्या डॉ. सुखविंदर कौर ने सभी कैडेट्स को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित