मुरादाबाद , अक्टूबर 01 -- उत्तर प्रदेश स्थित गुरु जम्भेश्वर राजकीय विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 में प्रवेशित छात्र-छात्राओं के डेटा को समर्थ पोर्टल पर दर्ज और लॉक करने के संबंध में आवश्यक दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सभी संबद्ध महाविद्यालयों को 03 अक्टूबर से 06 अक्टूबर 2026 तक पंजीकृत विद्यार्थियों का प्रवेश डेटा सत्यापित कर अनिवार्य रूप से लॉक करना होगा। इसके साथ ही विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी), राज्य उच्च शिक्षा परिषद और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के मानकों के तहत प्रत्येक सेमेस्टर में न्यूनतम 90 शिक्षण दिवस पूरे करने का सख्त निर्देश दिया गया है। कुलपति के आदेशानुसार कुलसचिव गिरीश कुमार द्विवेदी द्वारा जारी कार्यालय ज्ञाप में संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने से पूर्व विद्यार्थियों के आवेदन पत्र और शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों का भली-भांति मिलान व सत्यापन सुनिश्चित कर लें। यदि किसी भी स्तर पर कोई त्रुटि पाई जाती है, तो महाविद्यालय स्तर पर ही उसमें आवश्यक संशोधन करने के पश्चात प्रवेश लॉक किया जाएगा। तय समय-सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी तरह के संशोधन या प्रवेश लॉक करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और किसी भी चूक की पूरी जिम्मेदारी संबंधित महाविद्यालय प्रशासन की होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित