पटना , अक्टूबर 07 -- बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सिख धर्म के दसवें गुरु, खालसा पंथ के संस्थापक एवं महान योद्धा गुरु गोबिंद सिंह जी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके त्याग, शौर्य एवं मानवता के प्रति समर्पण को याद किया।
डॉ. कुमार ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी का जीवन धर्म, राष्ट्र और मानवता की रक्षा के लिए सर्वस्व न्योछावर करने का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने मुगल शासन के अत्याचारों के विरुद्ध साहसपूर्वक संघर्ष किया और समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने के उद्देश्य से खालसा पंथ की स्थापना कर नैतिक, साहसी एवं संगठित समाज की आधारशिला रखी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित