चंडीगढ़ , अगस्त 13 -- पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने गुरुवार को शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हुए कातिलाना हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया है।
उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने वाहेगुरु जी के चरणों में अरदास करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
श्री रंधावा ने कहा कि गुरु की शरण में आये किसी भी व्यक्ति पर हमला करना पूरी तरह निंदनीय और अस्वीकार्य है। श्री गुरु ग्रंथ साहिब और गुरु घर हमें शांति, सहनशीलता, भाईचारे तथा पूरी मानवता के कल्याण का संदेश देते हैं। ऐसे पवित्र स्थान से जुड़े परिसर में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं हो सकता।उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता और मर्यादा बनाये रखना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। किसी भी राजनीतिक या व्यक्तिगत मतभेद को हिंसा का रूप देना पंजाब की शांतिपूर्ण और सहिष्णु परंपरा के खिलाफ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित