पंचकूला , जून 18 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि पांचवें सिख गुरु, गुरु अर्जन देव का बलिदान भारतीय इतिहास में सत्य, धर्म, मानवता और आध्यात्मिक शक्ति का अद्वितीय उदाहरण है और उनका जीवन एवं शहादत अन्याय, उत्पीड़न तथा असत्य के सामने कभी न झुकने की प्रेरणा देता है।
पंचकूला में गुरु अर्जन देव के 420वें शहादत दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु साहिब की शिक्षाएं विकसित भारत के निर्माण में सबसे बड़ी प्रेरणा हैं। इस अवसर पर गुरु अर्जन देव के जीवन पर आधारित एक वृत्तचित्र प्रदर्शित किया गया तथा श्री सैनी ने छबील सेवा में भी भाग लिया।
श्री सैनी ने कहा कि गुरु अर्जन देव ने अमृतसर में हरमंदिर साहिब की स्थापना कर सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने चारों दिशाओं से प्रवेश द्वार बनवाकर यह संदेश दिया कि यह पवित्र स्थान सभी वर्गों, जातियों और धर्मों के लोगों के लिए खुला है। उन्होंने कहा कि गुरु अर्जन देव ने संत कबीर, संत नामदेव, बाबा फरीद और संत रविदास जैसे संतों की वाणी को गुरु ग्रंथ साहिब में संकलित कर विविधता में एकता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। उनकी शहादत केवल बलिदान नहीं, बल्कि आध्यात्मिक दृढ़ता, आंतरिक शक्ति और ईश्वर में अटूट आस्था का सर्वोच्च प्रतीक है।
श्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है और ऐसे समय में गुरु साहिब की शिक्षाएं राष्ट्र का मार्गदर्शन कर रही हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार संत महापुरुषों और सिख गुरुओं की शिक्षाओं को नयी पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए कई पहल कर रही है। सिख गुरुओं का इतिहास स्कूलों के पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है तथा बाबा बंदा सिंह बहादुर के योगदान को भी विद्यार्थियों तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने 1984 दंगा पीड़ित 121 परिवारों में से प्रत्येक के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी है। साथ ही ऐतिहासिक गुरुद्वारा चिल्ला साहिब की लगभग नौ एकड़ भूमि गुरुद्वारे के नाम निःशुल्क हस्तांतरित की गयी है। उन्होंने युवाओं से गुरु अर्जन देव के जीवन, शिक्षाओं और बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि सत्य, सेवा, करुणा और ईश्वर स्मरण के मार्ग पर चलना ही गुरु साहिब को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित