चंडीगढ़ , मई 17 -- हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की अपील से प्रेरित होकर गुरुग्राम से चंडीगढ़ तक ट्रेन से यात्रा की।
श्री पंवार सोमवार को होने वाली हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने निजी वाहन और सरकारी काफिले का उपयोग नहीं किया।
उन्होंने कहा कि आज समय की मांग है कि लोग निजी वाहनों का कम से कम उपयोग करें और सार्वजनिक परिवहन को अपनाएं। उन्होंने कहा कि यदि सक्षम लोग छोटी यात्राओं में भी ट्रेन, बस और अन्य सार्वजनिक साधनों का उपयोग करें तो ईंधन की बचत के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं, ट्रैफिक जाम और प्रदूषण में भी कमी लाई जा सकती है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी अपने काफिले में न्यूनतम वाहनों के उपयोग का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने सप्ताह में एक दिन बिना वाहन के कार्य करने का संकल्प भी लिया है, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए और लोग ईंधन बचत के प्रति जागरूक हों।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित