फिरोजाबाद , अगस्त 27 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक निजी अस्पताल में गुरुग्राम से रक्षाबंधन पर घर लौटी युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने युवती के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए एक युवक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है।

पुलिस के अनुसार शिकोहाबाद स्थित एक निजी अस्पताल में गुरुवार सुबह युवती मृत अवस्था में मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेजा और युवती की पहचान के बाद परिजनों को सूचना दी।

नसीरपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले परिजन अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि युवती गुरुग्राम में नौकरी करती थी और रक्षाबंधन के अवसर पर बुधवार को घर लौट रही थी। उसने परिजनों को फोन पर बताया था कि वह रात करीब आठ बजे शिकोहाबाद पहुंच गई है और देर होने के कारण प्रतापपुर चौराहे के पास अपनी परिचित सहेली के घर रुक जाएगी।

इसके बाद सुबह पुलिस से युवती की मौत की सूचना मिलने पर परिजन स्तब्ध रह गए। पुलिस ने शुरुआती तौर पर मामले को दुर्घटना से जोड़कर देखा था, जबकि परिजनों ने युवती के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है। परिजनों ने पड़ोसी गांव के एक युवक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।

पुलिस युवती की परिचित सहेली की भी तलाश कर रही है, जो घटना के बाद से लापता बताई जा रही है। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनुज चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभी तक दुष्कर्म की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित