चंडीगढ़ , अगस्त 19 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 21 अगस्त को गुरुग्राम विश्वविद्यालय में जेन-जी उद्यमियों के साथ सीधे संवाद करेंगे। कार्यक्रम में सफल युवा उद्यमी स्टार्टअप शुरू करने के इच्छुक युवाओं को फंडिंग, तकनीकी सहायता और उद्यम स्थापित करने से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी देंगे।
मुख्यमंत्री आवास पर बुधवार को हुई बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गयी। उन्होंने कहा कि जेन-जी के साथ कार्यक्रम बिना औपचारिकता के आयोजित किया जाएगा और युवाओं से सीधा संवाद इसका मुख्य उद्देश्य रहेगा।
कार्यक्रम में छह मास्टर क्लासरूम बनाये जाएंगे, जहां सफल उद्यमी 50-50 युवाओं के समूह को स्टार्टअप शुरू करने और उसे सफल बनाने के बारे में प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षण पूरा करने वालों को प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे। इसके बाद युवाओं को एमएसएमई से जोड़कर व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। स्टार्टअप रूम में 60 सफल उद्यमी युवाओं को मार्गदर्शन देंगे। बैंक ऋण और वित्तीय सहायता की जानकारी भी उपलब्ध करायी जाएगी।
मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान 'युवा उद्यमी यात्रा' के तहत दो बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। गुरुग्राम से शुरू होने वाली ये बसें प्रदेश के सभी जिलों में जाकर कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, आईटीआई और अन्य शिक्षण संस्थानों में युवाओं को स्टार्टअप एवं उद्यमिता के प्रति जागरूक करेंगी। इच्छुक युवाओं को उनके सवालों के जवाब और आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा।
यात्रा दिसंबर तक चलेगी और इसके समापन पर जेन-जी के लिए बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बसों के रूट पहले तय करने, शिक्षण संस्थानों को पूर्व सूचना देने और यात्रा से लाभान्वित युवाओं का पंजीकरण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि युवा नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाले उद्यमी बनना चाहते हैं और सरकार उनके सपनों को साकार करने में हरसंभव सहयोग करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित