गुरुग्राम , अप्रैल 30 -- हरियाणा के गुरुग्राम नगर निगम में सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पदों के लिए बहुप्रतीक्षित चुनाव दूसरी बार टल गया। करीब सवा साल के लंबे इंतजार के बाद हो रहे इस चुनाव को लेकर राजनीतिक हलकों में काफी हलचल थी। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद निगम आयुक्त ने चुनाव को लेकर आधिकारिक नोटिस जारी किया था।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चुनावी प्रक्रिया सुबह 11 बजे हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान के कॉन्फ्रेंस हॉल में शुरू होनी थी। इसके लिए पार्षद और नगर निगम अधिकारी मौके पर पहुंचे लेकिन मेयर राजरानी मल्होत्रा तबीयत खराब होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हो सकीं। उनके अनुपस्थित रहने के चलते बैठक स्थगित कर दी गई और चुनाव को एक बार फिर टाल दिया गया।

इस चुनाव में नगर निगम के 36 निर्वाचित पार्षदों को अपने मताधिकार का प्रयोग करना था। आंकड़ों के अनुसार भाजपा के पास 24 पार्षदों के साथ स्पष्ट बहुमत है लेकिन मुकाबला विपक्ष से ज्यादा पार्टी के अंदर ही देखने को मिल रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित