गुरुग्राम , अगस्त 06 -- हरियाणा पुलिस ने सड़क हादसों में मौत और गंभीर चोटों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से गुरुग्राम में जुलाई माह के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर 58,901 चालान किए और 5.89 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया।
हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि एक जुलाई से 31 जुलाई तक चलाए गए अभियान के दौरान गुरुग्राम यातायात पुलिस ने प्रमुख चौराहों, राष्ट्रीय राजमार्गों, व्यावसायिक क्षेत्रों तथा अधिक यातायात वाले स्थानों पर व्यापक जांच अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चला रहे 29,806 चालकों के चालान किए गए, जिन पर 2.98 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, बिना हेलमेट पीछे बैठे 29,095 यात्रियों के भी चालान किए गए और उन पर 2.90 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया।
प्रवक्ता ने कहा कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत दोपहिया वाहन चालक के साथ-साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। इसी कारण दोनों के विरुद्ध समान रूप से कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों का जीवन सुरक्षित रखना है। सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर लगने वाली गंभीर चोटों से बचाव के लिए हेलमेट सबसे प्रभावी सुरक्षा उपाय है और प्रमाणित हेलमेट दुर्घटना के दौरान मृत्यु एवं गंभीर चोट के जोखिम को काफी हद तक कम करते हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि गुरुग्राम यातायात पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित वाहन चलाने के प्रति लगातार जागरूक भी किया जा रहा है।
उन्होंने लोगों से प्रत्येक यात्रा के दौरान हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, खतरनाक तरीके से वाहन नहीं चलाने, वाहन के वैध दस्तावेज साथ रखने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित