गुरुग्राम , मई 06 -- हरियाणा के गुरुग्राम शहर के भंगरौला गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है, जहां एक महिला की उसके पति ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। महिला का शव घर से करीब 100 मीटर दूर सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में मिला।
सूचना मिलते ही खेड़की दौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। घटना के बाद से आरोपी पति फरार है।
मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी रेखा (30) के रूप में हुई है, जो अपने पति गौरव के साथ भंगरौला गांव में किराये के मकान में रह रही थी। पुलिस के अनुसार, गौरव मानेसर की एक निजी कंपनी में कार्यरत है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना के दिन भी किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके बाद गौरव ने रेखा पर चाकू से कई वार कर दिये। हमले में रेखा की मौके पर ही मौत हो गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित