गुरुग्राम , सितंबर 19 -- हरियाणा के गुरुग्राम सेक्टर-113 स्थित एमएम स्मार्टवर्ल्ड के निर्माणाधीन परियोजना में 19वीं मंजिल से गिरने के कारण एक मजदूर की मौत हो गई जबकि दूसरा मजदूर बीच के फ्लोर पर अटकने से घायल हो गया। मृतक की पहचान 19 वर्षीय दिलखुश निवासी कटिहार, बिहार के रूप में हुई है। घायल मजदूर वासुदेव पश्चिम बंगाल का रहने वाला है।
जानकारी के अनुसार दोनों मजदूर निर्माण स्थल पर 19वीं मंजिल पर काम कर रहे थे। इसी दौरान वे नीचे गिर गए। हादसे में दिलखुश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वासुदेव बीच के फ्लोर पर अटक गया, जिससे उसकी जान बच गई। उसे चोटें आई हैं।
हादसे के बाद शनिवार को निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों में आक्रोश फैल गया। श्रमिकों ने साइट पर सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कंपनी प्रबंधन के अधिकारियों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। बताया गया कि कुछ अधिकारियों ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। इससे साइट पर काफी देर तक तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सूचना मिलने पर बजघेड़ा थाना प्रभारी सुनील पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित श्रमिकों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी सुनील ने बताया कि फिलहाल किसी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं मिली है। पुलिस हादसे को दुर्घटना मानकर जांच कर रही है। हादसे के समय साइट पर सुरक्षा के क्या इंतजाम थे और उनकी पालना हुई या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित