गुरुग्राम , अगस्त 05 -- हरियाणा पुलिस ने गुरुग्राम में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुलाई में व्यापक अभियान चलाते हुए 8,770 वाहनों के चालान किये और 1.15 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना, ट्रैफिक जाम कम करना और सड़क अनुशासन सुनिश्चित करना है।
हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि एक जुलाई से 31 जुलाई के दौरान गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने गलत पार्किंग और ओवरस्पीडिंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि गलत पार्किंग के मामले में 5,374 वाहन चालकों के चालान किये गये और 48 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। यह कार्रवाई उन स्थानों पर केंद्रित रही, जहां सड़क किनारे, मुख्य मार्गों, चौराहों और नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े किए जाने से यातायात प्रभावित हो रहा था।
इसी अवधि में ओवरस्पीडिंग के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करते हुए मुंबई एक्सप्रेसवे, गोल्फ कोर्स रोड और अन्य प्रमुख मार्गों पर 3,396 वाहन चालकों के चालान किये गये। इन मामलों में करीब 67.92 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
प्रवक्ता ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और दुर्घटनाओं में कमी लाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए नियमित विशेष अभियान, सुबह के समय विशेष नाके और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें।
इसी बीच गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस के सिपाही बलराम ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए हीरो होंडा चौक पर ड्यूटी के दौरान सड़क पर पड़ा एक मोबाइल फोन बरामद किया। कुछ समय बाद जम्मू निवासी सुनील ने दूसरे नंबर से संपर्क किया। पहचान की पुष्टि के बाद सिपाही बलराम ने मोबाइल उसके वास्तविक मालिक को सुरक्षित लौटा दिया। मोबाइल मिलने पर सुनील ने हरियाणा पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के सिपाही बलराम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी ईमानदारी और तत्परता की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित