नयी दिल्ली , फरवरी 17 -- केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने मंगलवार को कहा कि गुरुग्राम में आयोजित 'सरस आजीविका मेला'पूरे भारत की महिला उद्यमियों की ताकत की झलक दे रहा है।
श्री रिजिजू ने सोसल मीडिया पर इस मेले के एक वीडियो के साथ एक पोस्ट में कहा, ' गुरुग्राम में सरस आजीविका मेले में, पूरे भारत से 450 से अधिक स्टॉल और 1000 से अधिक लखपति दीदियां महिलाओं के नेतृत्व वाले उद्यम की ताकत दिखा रही हैं।"लोकसभा में अरुणाचल प्रदेश (पश्चिम) क्षेत्र के प्रतिनिधि श्री रिजिजू ने बताया कि इस मेले में पूर्वोत्तर क्षेत्र के राज्यों में बनी अगरबत्ती, क्रोशिया और रिबन के फूल, प्राकृतिक साबुन, कलात्मक मोमबत्तियां, सुंदर शॉल, सॉफ्ट टॉय, लकड़ी की प्लेटें और केले के फाइबर से बने प्रकृति अनुकूल बैग के साथ एक खास आकर्षण जोड़ते हैं, जो कौशल, स्वस्थ विकास के तौर-तरीकों और परंपरा को दर्शाता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ' मेले में लाइव डेमो, क्षेत्रीय व्यंजन, टेकअवे फूड कॉर्नर और करीने से सजाए गये सुंदर उत्पाद इस मेले को सच में जीवंत बनाते हैं।" मेले के कन्वर्जेंस पवेलियन, लखपति दीदी पवेलियन, डेमो पवेलियन और नॉलेज पवेलियन में विशेष रूप से तैयार की गयी सारस गैलरी में उत्तम श्रेणी के उत्पाद आयोजन की प्रासंगिकता को और बढ़ाते हैं।
वहां इंडिया फूड कोर्ट, जिसमें लखपति दीदियों द्वारा लाइव तैयार किये गये 400 से अधिक प्रकार के व्यंजन अपने क्षेत्र के असली स्वाद दिला रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित