चंडीगढ़ , अगस्त 23 -- पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने गुरुग्राम में मुख्यमंत्री के विरोध के दौरान कांग्रेस के जिलाध्यक्षों और अन्य कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन और असंवैधानिक कार्रवाई बताया।
श्री हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाकर शांतिपूर्ण विरोध करने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किये गये और उन्हें हिरासत में लिया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने अपराध जांच विभाग की अलग-अलग टीमों के जरिये गुरुग्राम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को उठाया। उन्होंने गुरुग्राम शहर कांग्रेस अध्यक्ष पंकज डाबर के बेटे और एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सचिन के पिता को भी हिरासत में लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।
श्री हुड्डा ने कहा कि विश्वविद्यालय में प्रथम वर्ष का परिणाम जारी न होने, बुनियादी ढांचे की कमी और गुरुग्राम में निजी संपत्तियों पर प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर लोगों में रोष था। जंतर-मंतर पर हुई पुलिस कार्रवाई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग भी इस विरोध का कारण थी।
उन्होंने सरकार से दोनों जिलाध्यक्षों समेत हिरासत में लिये गये सभी लोगों के मुकदमे वापस लेने और उनसे माफी मांगने की मांग की।
श्री हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस ऐसी तानाशाही को बर्दाश्त नहीं करेगी और लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए अपनी आवाज और मजबूती से उठायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित