पंचकूला , अगस्त 17 -- हरियाणा पुलिस ने गुरुग्राम में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 से 16 अगस्त के बीच गुरुग्राम यातायात पुलिस ने कुल 24,831 चालान जारी किए और फील्ड स्तर पर किए गए चालानों के माध्यम से एक करोड़ 27 लाख 59 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया।
हरियाणा पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने और सड़क अनुशासन मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे चालान नहीं सलाम मिलेगा अभियान के तहत की गई। कुल चालानों में 8,210 चालान पुलिसकर्मियों ने मौके पर किए, जबकि 16,621 चालान कैमरों के माध्यम से किए गए।
हरियाणा पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात अनुशासन बनाए रखने के लिए एनएच-48, द्वारका एक्सप्रेसवे और मुंबई एक्सप्रेसवे पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। लेन अनुशासन तोड़ने और तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ एनएचएआई के कैमरों और ड्रोन तकनीक की मदद से लगातार कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के तहत सुरक्षा रथ के माध्यम से 15 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 415 से अधिक नागरिकों और विद्यार्थियों को यातायात नियमों, डायल-112 और हेल्पलाइन नंबर 1095 के बारे में जानकारी दी गई। लोगों से निर्धारित लेन में वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने, हेलमेट पहनने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित