गुरुग्राम/मंदसौर , जुलाई 02 -- हरियाणा के गुरुग्राम में दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले में गिरफ्तार पिता-पुत्र पुलिस की हिरासत से फरार हो गए। दोनों आरोपियों को गुरुग्राम पुलिस की टीम मध्य प्रदेश के धार जिले के पीथमपुर से गिरफ्तार कर सड़क मार्ग से गुरुग्राम ला रही थी।

पुलिस टीम मंदसौर जिले के गरोठ चौकड़ी स्थित एक पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने के लिए रुकी थी इसी दौरान पुलिसकर्मी वाहन से उतर गए। मौके का फायदा उठाकर पीछे बैठे आरोपी चालक सीट पर आ गए और पुलिस की गाड़ी लेकर फरार हो गए।

आरोपियों के फरार होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वाहन नहीं होने के कारण शुरुआती समय में परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान की घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागते नजर आ रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित