गुरुग्राम , मई 24 -- हरियाणा के गुरुग्राम के जिला न्यायालय परिसर में रविवार सुबह भीषण आग लगने से न्यायालय भवन का एक हिस्सा भी भरभराकर ढह गया। यह घटना निचली अदालत के रिकॉर्ड रूम में हुई, जहां से अचानक धुआं और आग की तेज लपटें उठती दिखाई दीं।
मौके से गुजर रहे वकीलों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और चौकीदार को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। पांच घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका।
आग बुझाने के दौरान अचानक न्यायालय भवन का एक हिस्सा गिर गया, जिससे मौके पर मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद सर्च अभियान चलाया जाएगा, जिससे यह पता लगाया जा सके कि कितना रिकॉर्ड सुरक्षित बचा है और कितना जलकर नष्ट हो गया।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार मौके पर मौजूद हैं। आग के कारण कोर्ट का काफी रिकॉर्ड जल गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित