हरिद्वार , अक्टूबर, 31 -- उत्तराखंड में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कुलसचिव सत्यदेव निगमालंकार के साथ मारपीट के मामले में कनखल पुलिस ने शनिवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे कर्मचारियों पर आरोप है कि उन्होंने एक बुजुर्ग पदाधिकारी के सुझाव देने पर उनके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और वीडियो में मारपीट करते दिखाई दे रहे चार लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में हुई इस घटना के वायरल वीडियो में कुछ लोग कुलसचिव को जमीन पर गिराकर पीटते दिखायी दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद कनखल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया और उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय की ओर से संचालित ऑपरेशन प्रहार के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गयी। अभियान के अंतर्गत जनपद में हुड़दंग करने वालों, वांछित अपराधियों, वारंटियों, हिस्ट्रीशीटरों और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रजनीश भारद्वाज, नरेंद्र मलिक, ओमबीर सिंह और उमाशंकर के रूप में हुई है। चारों गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय परिसर के निवासी बताये गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित