लुधियाना , जून 21 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि गुरुओं के अपमान और जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सरकार को जनता अब जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उनकी सरकार को उनके कार्यों के लिए राजनीतिक रूप से दंडित करने का समय आ गया है।

रविवार को लुधियाना में आयोजित भाजपा के विशाल सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री नवीन ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार ने राज्य को कर्ज, नशे और अपराधियों के दलदल में धकेल दिया है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब पर लगभग चार लाख करोड़ रुपये का कर्ज है और केंद्र से आए विकास फंड का सही उपयोग नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में भाजपा सरकार बनने पर पंजाब की जनता के धन का पूरा हिसाब लिया जाएगा और भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों से "एक-एक पैसा" वसूला जाएगा।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब इस समय नशाखोरी, गैंगस्टर संस्कृति और आर्थिक संकट जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो राज्य को इन समस्याओं से बाहर निकाल सकती है और विकास की नई दिशा दे सकती है। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है, लाखों घर बनाए गए हैं और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आम जनता को लाभ पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब को भी विकास की रफ्तार से जोड़ने के लिए "डबल इंजन सरकार" की आवश्यकता है।

श्री नवीन ने पार्टी कार्यकर्ताओं से 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाए। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य पंजाब में एक ऐसा शासन स्थापित करना है, जो शांति, विकास और "सरबत दा भला" के सिद्धांत पर आधारित हो।

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने कहा कि पंजाब में वर्तमान सरकार की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने धार्मिक संस्थाओं की गरिमा को चुनौती दी है और जनता अब बदलाव चाहती है।

वहीं, पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने घोषणा की कि यदि राज्य में भाजपा सरकार बनती है तो हरियाणा की तर्ज पर 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी कर्मचारियों के लंबित महंगाई भत्ते का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

सम्मेलन में केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू, , पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़, अश्वनी शर्मा, विजय सांपला सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित