चंडीगढ़ , अगस्त 22 -- आम आदमी पार्टी (आप) की मोगा सीट से विधायक अमनदीप कौर ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की पत्नी डॉ गुरप्रीत कौर मान के खिलाफ लगाये जा रहे आरोपों को बेबुनियाद और राजनीति से प्रेरित बताते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला है।
सुश्री कौर ने शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राजनीति में सरकार के कामकाजपर सवाल उठाना, विरोध करना और आलोचना करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन झूठे आरोप लगाकर किसी व्यक्ति की निजी जिंदगी, प्रतिष्ठा और चरित्र पर हमला करना स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि यदि आरोपों की सीमा पार की जाती है तो उसका जवाब राजनीतिक के साथ-साथ कानूनी तरीके से भी दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री के ओएसडी राजवीर सिंह पर भी इसी तरह के आरोप लगाये गये थे, लेकिन उनके समर्थन में कोई ठोस प्रमाण सार्वजनिक नहीं किया गया। विधायक ने कहा कि पार्टी के विधायक और कार्यकर्ता अपने कामों के लिए संबंधित अधिकारियों तथा पार्टी नेतृत्व से संपर्क करते हैं। उन्होंने दावा किया कि पार्टी फंड के नाम पर किसी व्यक्ति से अनुचित मांग किए जाने का सवाल ही पैदा नहीं होता।
श्री कौर ने विपक्ष को चुनौती दी कि यदि उसके पास किसी तरह के आरोपों से संबंधित प्रमाण हैं तो उन्हें अफवाहों के बजाय ठोस तथ्यों और साक्ष्यों के साथ जनता के सामने रखा जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर मान ने कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा के रिश्तेदार रंजीत सिंह की ओर से लगाये गये कथित आरोपों के संबंध में कानूनी नोटिस भेजा है। उन्होंने बताया कि नोटिस में 24 घंटे के भीतर माफी मांगने की मांग की गयी है और ऐसा नहीं करने पर कानूनी प्रक्रिया के तहत अदालत का रुख करने की बात कही गयी है।
विधायक ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति पर झूठे आरोप लगाये जाते हैं, तो उसे कानून का सहारा लेने का पूरा अधिकार है और अब ऐसे मामलों का जवाब कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से दिया जाएगा। सुश्री कौर ने कहा कि आम आदमी पार्टी किसी की आवाज दबाने के पक्ष में नहीं है। उन्होंने कहा, "राजनीति में सवाल पूछें, विरोध करें और आलोचना करें, लेकिन निजी जिंदगी पर हमला करने और बिना सबूत आरोप लगाने की राजनीति बंद करनी होगी।"उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष को सरकार के किसी फैसले या काम में कोई गड़बड़ी दिखाई देती है तो वह तथ्यों के आधार पर मुद्दा उठाये, लेकिन महिलाओं और परिवार के सदस्यों पर निजी टिप्पणियां करना बेहद शर्मनाक है।
विधायक ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों में पंजाब के विकास और आम लोगों के कल्याण के लिए बड़े स्तर पर काम किये हैं। उन्होंने युवाओं को सरकारी नौकरियां, बिजली बिलों में राहत, 10 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य बीमा योजना, गांवों और खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने, किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने तथा तीर्थ यात्रा और मावां-धीआं सत्कार योजना जैसी पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर लोगों तक पहुंच रहा है और इसी कारण विपक्ष के पास सरकार के कामों का जवाब देने के बजाय निजी आरोपों का सहारा लेने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।
सुश्री कौर ने विपक्षी नेताओं को तथ्यों और मुद्दों के आधार पर राजनीति करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार के किसी काम में कमी है तो उसके तथ्य सामने रखे जाने चाहिए, लेकिन सुनी-सुनाई बातों और बेबुनियाद आरोपों के आधार पर किसी की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने की कोशिश की गई तो उसका जवाब कानून के माध्यम से दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निजी हमलों और झूठे आरोपों को राजनीतिक बहस का हिस्सा मानकर अब नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और आरोप लगाने वालों को अदालत में अपने दावों का जवाब देना पड़ सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित