चंडीगढ़ , फरवरी 25 -- पंजाब के गुरदासपुर में बुधवार सुबह पुलिस के साथ हुई एक मुठभेड़ में भारत-पाक सीमा के पास दो पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जबकि दूसरा आरोपी मारा गया।
गुरदासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य ने गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान इंद्रजीत के रूप में की है। उन्होंने बताया कि शहर के पुराना शाला इलाके के पास हुई मुठभेड़ में रणजीत सिंह को गोली लगी है जिसकी बाद में ईलाज के दौरान मौत हो गई। मुठभेड़ के दौरान एसएचओ दोरांगला की गाड़ी पलट गई। वहीं सीआईए स्टाफ के इंचार्ज गुरमीत सिंह की बांह पर गोली लग गई। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उल्लेखनीय है कि रविवार को एक चेक पोस्ट के भीतर सहायक उप-निरीक्षक गुरनाम सिंह और होमगार्ड अशोक कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह घटना तब प्रकाश में आई जब अधियान गांव के सरपंच कमलजीत सिंह चेक पोस्ट पर पहुंचे और उन्हें मृत पाया। सरपंच ने पहले दोरांगला एसएचओ को फोन कर बताया था कि दोनों पुलिसकर्मी उनके फोन का जवाब नहीं दे रहे हैं। सुबह करीब 8:15 बजे जब सरपंच चेक पोस्ट पहुंचे, तो उन्होंने दोनों कर्मचारियों को मृत पाया, उनके शरीर पर गोलियों के निशान थे। जिस इलाके में शव मिले , वह हेरोइन तस्करी और सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियार गिराए जाने के लिए संवेदनशील माना जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित