गुरदासपुर , मई 17 -- पंजाब पुलिस ने गुरदासपुर ग्रेनेड फेंकने के मामले को सुलझाने का दावा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक और हैंड ग्रेनेड भी बरामद किया है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरजीत सिंह उर्फ बिल्ला निवासी गणेश नगर, रामा मंडी जालंधर, करणजीत सिंह उर्फ करण निवासी तरापुर अमृतसर और सतनाम सिंह निवासी गांव बोपराय अमृतसर के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, पिछले 27 अप्रैल को गुरदासपुर के गीता भवन रोड स्थित एक दुकान के पास एक जिंदा हैंड ग्रेनेड मिला था। बम निरोधक दस्ते ने सफलतापूर्वक उसे निष्क्रिय कर सुरक्षित कब्जे में लिया था। मामले की गहन जांच के बाद पुलिस ने उन आरोपियों की पहचान कर ली, जिन्होंने दुकान के पास ग्रेनेड फेंका था। जांच के दौरान आरोपी अमरजीत सिंह उर्फ बिल्ला के घर से एक और हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के निर्देश पर काम कर रहे थे और उन्हें उसी हैंडलर से दो हैंड ग्रेनेड मिले थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य ने बताया कि घटना के तुरंत बाद कई पुलिस टीमें गठित की गई थीं। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और खुफिया जानकारी की मदद से यह पता चला कि पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने अशोका चिप्स के पास ग्रेनेड फेंका था। उन्होंने कहा कि लगातार सर्च ऑपरेशन के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब विदेशी हैंडलरों और स्थानीय नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने के लिए आगे की जांच कर रही है। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित