आगर मालवा , जून 17 -- मध्यप्रदेश के आगरमालवा जिले में ''मुस्कान अभियान'' के अंतर्गत बड़ौद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग गुमशुदा बालिका को पाँच घंटे में उज्जैन से सकुशल दस्तयाब करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के बड़ौद पुलिस थानान्तर्गत एक नाबालिग बालिका बुधवार को घर से बिना बताए चले जाने संबंधी सूचना प्राप्त हुई। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना बड़ौद पर तत्काल प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई तथा थाना प्रभारी निरीक्षक रूप सिंह बैस के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

गठित पुलिस टीम द्वारा किए गए प्रयासों एवं प्रभावी समन्वय के परिणामस्वरूप नाबालिग बालिका के उज्जैन शहर स्थित विनायक कॉलोनी क्षेत्र में अपने रिश्तेदारों के यहां होने की जानकारी प्राप्त हुई।

प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर अभिरक्षा में लिया गया। आवश्यक पूछताछ एवं वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करने के उपरांत बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित