रांची , अक्टूबर 14 -- झारखंड के गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र में कल देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
। दुर्घटना नवडीहा पेट्रोल पंप के समीप हुई, जहां विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। मृतकों की पहचान घाघरा निवासी राज लोहरा और टांगर सिकवार निवासी दुर्गेश ठाकुर के रूप में हुई है। एक ही हादसे में दो युवकों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों युवक स्कूटी से घाघरा की ओर से नवडीहा जा रहे थे। इसी दौरान नवडीहा पेट्रोल पंप के समीप मोड़ पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर घाघरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया।
आज शवों को पोस्टमार्टम के उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर जांच कर रही है।
इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों युवकों की शादी तय हो चुकी थी। दुर्गेश ठाकुर के घर में आगामी 24 अक्टूबर को छेका कार्यक्रम होना था। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन कार्यक्रम से पहले ही दुर्गेश की मौत की खबर ने खुशियों को मातम में बदल दिया। दोनों परिवारों में चीख-पुकार मची है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में बॉक्साइट ट्रकों के तेज रफ्तार से परिचालन पर चिंता जताई है। उनका आरोप है कि जल्द गंतव्य तक पहुंचने की होड़ में भारी वाहन चालक गति सीमा का पालन नहीं करते, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने रात में कुछ ट्रकों को खलासियों द्वारा चलाए जाने और कुछ चालकों के नशे में वाहन चलाने की आशंका भी जताई है। उन्होंने इन आरोपों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क सुरक्षा के नाम पर केवल दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट की जांच करना पर्याप्त नहीं है। भारी वाहनों की गति, फिटनेस, कागजात, चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और नशे की हालत में वाहन चलाने की भी नियमित जांच होनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित