रांची , मई 21 -- झारखंड के गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई।
हादसा डढ़गांव के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक आम के पेड़ से जा टकराई।
मृतकों की पहचान उजड़ा गांव निवासी 19 वर्षीय अक्षय केरकेट्टा , 18 वर्षीय आर्यन टोप्पो और 18 वर्ष संजीत केरकेट्टा के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक बाइक से एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात वे चैनपुर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डढ़गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय तीनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
परिजनों ने बताया कि अक्षय केरकेट्टा ने वर्ष 2026 में संत अन्ना विद्यालय से इंटर प्रथम श्रेणी में पास किया था। वहीं आर्यन टोप्पो संत पैट्रिक स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था। संजीत केरकेट्टा ने 10वीं पास करने के बाद दो साल पहले पढ़ाई छोड़ दी थी।
इधर, दुर्घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई धर्मपाल संतोष लगून ने घटनास्थल का जायजा लिया और गुरुवार को तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित