रांची , मार्च 12 -- झारखंड के गुमला जिले के विशुनपुर प्रखंड में एसीबी रांची की टीम ने गुरुवार कोपंचायत सचिव किरण कुसुम खलखो को 8 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, विशुनपुर थाना क्षेत्र के चट्टी सेरका पंचायत निवासी परमेश्वर सिंह ने एसीबी रांची में लिखित शिकायत की थी। परमेश्वर सिंह ने बताया कि ग्राम सभा की बैठक में उनकी जमीन पर कुएं की मरम्मत के लिए उनका चयन किया गया था। इसके बाद उन्होंने कुएं की मरम्मत का काम पूरा भी कर दिया। काम पूरा होने के बाद जब वे भुगतान के लिए पंचायत सचिव के पास पहुंचे तो उनसे कहा गया कि बाकी पैसे निकालने और बिल पास कराने के लिए 8 हजार रुपये देने होंगे।
परमेश्वर सिंह ने रिश्वत देने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो रांची से कर दी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने पहले मामले की जांच कराई। जांच में शिकायत सही पाई गई।
वहीं मामला सही मिलने के बाद एसीबी ने ट्रैप की तैयारी की। गुरुवार को योजना के तहत परमेश्वर सिंह को पैसे लेकर पंचायत सचिव के पास भेजा गया। जैसे ही पंचायत सचिव ने 8 हजार रुपये लिए, पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने तुरंत उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार पंचायत सचिव से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित