बेंगलुरु , अक्टूबर 04 -- कर्नाटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेन्द्र ने रविवार को गुब्बी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के भीतर जारी अंदरूनी कलह पर गहरा असंतोष व्यक्त करते हुए नेताओं को कड़ा संदेश दिया है।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि पार्टी की स्थानीय इकाई में जारी गुटबाजी को समाप्त नहीं किया गया, तो वे स्वयं गुब्बी सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगे।
श्री विजयेन्द्र की यह तीखी प्रतिक्रिया गुब्बी तालुक के चेलूर में आयोजित भाजपा के बूथ-स्तरीय अभियान के दौरान देखने को मिली, जहां पार्टी के दो प्रतिद्वंद्वी गुट सार्वजनिक रूप से आपस में भिड़ गये।
यह विवाद पूर्व भाजपा उम्मीदवार एसडी दिलीप कुमार और टिकट के अन्य दावेदार केएस चंद्रशेखर बाबू के समर्थकों के बीच हुआ।
संबोधन के दौरान चंद्रशेखर बाबू द्वारा दिलीप कुमार का नाम न लिये जाने पर उनके समर्थकों ने आपत्ति जतायी, जिसके बाद बहस बढ़ गयी। स्थिति बिगड़ती देख श्री विजयेन्द्र को स्वयं हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों के समर्थकों को शांत कराना पड़ा।
घटना से नाराज श्री विजयेन्द्र ने नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि गुब्बी में वर्षों की कड़ी मेहनत से निर्मित संगठन को आपसी खींचतान में नष्ट करने की अनुमति नहीं दी जायेगी। उन्होंने सवाल किया, "यदि आप आपस में लड़ते रहेंगे, तो भाजपा गुब्बी में कैसे जीत दर्ज कर पायेगी। दो लोगों की लड़ाई में हमेशा तीसरे का फायदा होता है।"उन्होंने नेताओं के इस भ्रम को भी खारिज किया कि उनकी वजह से पार्टी बढ़ी है और कहा कि यदि यह विवाद खुशी-खुशी खत्म नहीं हुआ, तो वे खुद यहां से चुनाव लड़ेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित