जयपुर , अक्टूबर 29 -- राजस्थान खाद्य पदार्थ व्यापार संघ के अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता को फैडरेशन ऑफ आल इण्डिया फूडग्रेन डीलर्स एसोसिएशन्स के अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया हैं।

फैडरेशन ऑफ आल इण्डिया फूडग्रेन डीलर्स एसोसिएशन्स की त्रिवार्षिक चुनाव में चुनाव अधिकारी मोहन गुरनानी ने श्री गुप्ता को अध्यक्ष के अलावा महामंत्री पद के लिये मुकुंद मिश्रा तथा कोषाध्यक्ष पद के लिये गोपालदास अग्रवाल को निर्वाचित घोषित किया गया। शेष कार्यकारिणी के गठन के लिये नव निर्वाचित अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता को अधिकृत किया गया। चुनाव अधिकारी ने तीनों निर्वाचित सदस्यों को शपथ-ग्रहण कराई।

अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद श्री गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि देश में इस वर्ष वर्षा पर्याप्त नहीं होने, खरीफ की फसल कमजोर होने तथा रबी के फसल की बुवाई कम होने की आशंका पर अपनी चिंता व्यक्त की। देश 1.65 लाख टन तेल प्रतिवर्ष आयात करता है तथा 40 लाख टन दाले प्रतिवर्ष आयात करता है। इथेनॉल में चीनी के उपयोग के कारण देश में चीनी के भाव बढ़े हैं और 10 लाख टन चीनी का आयात किया गया; पर चिंता व्यक्त की। देश खाद्यान्न के मामले में विशेषकर चावल एवं गेहूं के लिये भी अन्य देशों की ओर देखने लगा है, परिस्थितियां गम्भीर है। फैडरेशन को इस संबंध में शीघ्र ही आवश्यक चर्चा करनी होगी।

इससे पहले 18 प्रान्तों के प्रान्तीय एसोसिएशन्स के पदाधिकारी बैठक में मौजूद थे। जिनमें राजस्थान खाद्य पदार्थ व्यापार संघ के चेयरमेन बाबूलाल गुप्ता, ग्रोमा मुंबई के अध्यक्ष भीमजी भानुशाली, उड़ीसा खाद्य पदार्थ व्यापार संघ के अध्यक्ष प्रहलाद खण्डेलवाल, पंजाब कच्चा आढ़तिया एसोसिएशन के अध्यक्ष रवीन्द्र सिंह चीमा, उत्तराखण्ड उद्योग व्यापार मण्डल के अध्यक्ष प्रकाश चन्द मिश्रा, उत्तरप्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल के अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा, मध्यप्रदेश सकल अनाज तिलहन दलहन व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष गोपालदास अग्रवाल, मस्टर्ड ऑयल प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के चेयरमेन सुरेश नागपाल (दिल्ली), दिल्ली प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल के महासचिव हेमन्त गुप्ता, राजस्थान मसाला उद्योग व्यापार संघ के अध्यक्ष रामावतार अग्रवाल, नेशनल ऑयल्स मैन्यूफेक्चरर्स एण्ड रिपैकर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज मुरारका, दिल्ली किराणा संघ के चेयरमेन प्रेम अरोड़ा, जिला श्रीगंगानगर खाद्य पदार्थ व्यापार संघ के अध्यक्ष कुलदीप कासनिया, हैदराबाद खाद्य पदार्थ व्यापार संघ के विजय अग्रवाल, चण्डीगढ़ कच्चा आढतियां संघ के पुनीत कुमार जैन, इन्दौर चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज के अध्यक्ष रमेश खण्डेलवाल, हिमाचल उद्योग व्यापा मण्डल के अध्यक्ष प्रकाश चन्द गुप्ता, कानपुर के सुनील पाण्डे, हरियाणा के भानुप्रकाश शर्मा, छत्तीसगढ़ के शिवानन्द प्रसाद, सोलापुर के पशुपतिनाथ माशाल आदि शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित