मुंबई , अक्टूबर 22 -- बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना ने कहा है कि ऑस्कर विजेता निर्माता गुनीत मोंगा कपूर के साथ कंटेंट को लेकर उनकी सोच काफी हद तक एक जैसी है और यही तालमेल उनकी फिल्म 'उड़ता तीर' को खास बनाता है।आयुष्मान ने गुनीत के साथ अपने सहयोग के बारे में कहा कि वह हमेशा से लीक से हटकर और अनूठे सिनेमा की ओर आकर्षित रहे हैं, जबकि गुनीत ने भी अलग तरह की कहानियों को बढ़ावा देने और भारतीय कहानियों को वैश्विक मंच तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा, "गुनीत ने मेरा पहला ऑडिशन लिया था, इसलिए हमारा रिश्ता काफी पुराना है। उसके बाद से हम लगातार एक-दूसरे के संपर्क में रहे हैं और एक-दूसरे के सफर को देखते आए हैं। अब आखिरकार हमें साथ काम करने का मौका मिला है।"आयुष्मान खुराना और सारा अली खान अभिनीत 'उड़ता तीर' देशभक्ति पर आधारित एक्शन-कॉमेडी फिल्म है। आकाश कौशिक के निर्देशन में बनी यह फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित