धार , अक्टूबर 12 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के ग्राम गुणावद में विकास कायत की हत्या के मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय बलाई महासंघ एवं सकल हिंदू समाज ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच, फास्ट ट्रैक न्यायालय में सुनवाई, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता तथा मृतक की माता को शासकीय नौकरी देने की मांग की गई।

सादलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गुणावद में 9 अक्टूबर को हुए हमले में विकास कायत की मौत हो गई थी, जबकि सुनील सावनेर और बलराम सोलंकी घायल हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, घटना से पहले तिरुपति होटल में खाना खाने के दौरान विवाद हुआ था, जिसे लोगों ने शांत करा दिया था। आरोप है कि इसके बाद सद्दाम उर्फ गोलू, इमरान और बाबू अपने साथियों के साथ चाकू लेकर पहुंचे और रेकी करने के संदेह में विवाद करते हुए विकास, बलराम और सुनील पर हमला कर दिया। विकास की छाती में चाकू लगने से उसकी मौत हो गई।

महासंघ ने ज्ञापन में कहा कि हत्याकांड के विरोध में पहले इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम किया गया था। उस समय तीन दिन में आवश्यक कार्रवाई और परिवार को राहत देने का आश्वासन मिलने की बात कही गई थी। समाजजनों ने अब तक हुई कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए आरोपियों की भूमिका की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी और दोषियों को कठोर सजा दिलाने की मांग की।

ज्ञापन में इमरान, गोलू और रिजवान, तीनों पिता इकबाल; शमशाद पिता शरीफ; बाबू पिता गनी; सादिक पिता अफसर; जावेद पिता पेपर अली तथा आयाज पिता हबीब के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। महासंघ ने संबंधित व्यक्तियों की संपत्तियों और कथित अवैध अतिक्रमण की नियमानुसार जांच, पीड़ित परिवार एवं महत्वपूर्ण गवाहों की सुरक्षा तथा जांच और गिरफ्तारी सहित वैधानिक कार्रवाई की जानकारी परिवार को उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।

ज्ञापन में कुल नौ मांगें रखते हुए प्रभावी अभियोजन और फास्ट ट्रैक न्यायालय में सुनवाई पर जोर दिया गया। साथ ही पीड़ित परिवार को मुआवजा और आर्थिक सहायता देने तथा विकास की माता को शासकीय सेवा में नियुक्ति देने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया।

इस बीच, हत्या के मामले से जुड़ी जांच के दौरान ग्रामीणों की शिकायत पर वाहन क्रमांक एमपी-68 जी-0607 से करीब 1,900 लीटर ज्वलनशील पदार्थ मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है। ग्रामीणों ने हत्या के पीछे कथित अवैध गतिविधियों से जुड़े विवाद की आशंका जताई है, जिसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

धार की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर ने बताया कि मामले में बाबू, इमरान और सद्दाम उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया जा चुका है। विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर जावेद, रिजवान, सादिक और शमशाद के नाम भी प्रकरण में जोड़े गए हैं। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित