भोपाल , अगस्त 04 -- मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि गुणवत्तापूर्ण और संस्कार आधारित शिक्षा समाज तथा राष्ट्र के विकास का आधार है। विकसित भारत के निर्माण के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अत्यंत आवश्यक है और युवाओं के लिए कौशल, रोजगार तथा संस्कार आधारित शिक्षा समय की मांग है।
राज्यपाल श्री पटेल मंगलवार को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत "उभरते ज्ञान क्षेत्र, उन्नत पाठ्यक्रम : दृष्टि, दिशा एवं क्रियान्वयन" विषय पर आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित थे।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे के लिए रोजगारपरक शिक्षा सुनिश्चित करना शिक्षा जगत की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों को अधिक से अधिक रोजगार एवं कौशल आधारित पाठ्यक्रम प्रारंभ करने चाहिए। साथ ही विद्यार्थियों के लिए प्रभावी प्लेसमेंट व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता है।
राज्यपाल ने कहा कि स्थानीय उद्योगों की मांग के अनुरूप पाठ्यक्रम तैयार किए जाएं। शैक्षणिक संस्थान उद्योगों और प्रतिष्ठानों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यकता के अनुरूप शोध एवं अनुसंधान करें तथा नए पाठ्यक्रम विकसित करें।
उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प को गति देने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने मध्य प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) के साथ शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार के लिए किए गए सहकार्यता समझौतों (एमओयू) की सराहना की।
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प युवा शक्ति, ज्ञान, नवाचार, कौशल और जनभागीदारी पर आधारित है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उद्देश्य शिक्षा को जीवन, रोजगार, शोध, नवाचार, भारतीय ज्ञान परंपरा और मानवीय मूल्यों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा जगत की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है कि वह देश के युवाओं को शिक्षित, स्वस्थ, सशक्त, संस्कारी और नशामुक्त बनाए।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन ने राज्यपाल का स्वागत किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित