सागर , मई 06 -- मध्यप्रदेश में सागर जिले के थाना बरायठा क्षेत्र में गुटखा को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम धवारा में मामूली बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। फरियादी पक्ष के मुताबिक गुटखा मांगने और देने से इंकार करने पर आरोपी राजेश अहिरवार और उसके भाई बीरन अहिरवार ने मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर दोनों के साथ गोकल अहिरवार ने लाठी और पत्थरों से हमला कर बाबूलाल, खिलान और विनोद अहिरवार को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना में खिलान अहिरवार के सिर में गंभीर चोट आई, जिसकी उपचार के दौरान बीएमसी अस्पताल सागर में मृत्यु हो गई, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने प्रकरण में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया और आरोपी राजेश अहिरवार, बीरन अहिरवार तथा गोकल अहिरवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित