ग्रेटर नोएडा , अगस्त 04 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र में गुटखा मांगने को लेकर हुए मामूली विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब एक व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से पड़ोसी दुकानदार पर गोली चला दी। गोली लगने से दुकानदार घायल हो गया। हालांकि चिकित्सकीय जांच में राहत की बात सामने आई कि गोली शरीर के आर-पार निकल गई और किसी भी आंतरिक अंग को नुकसान नहीं पहुंचा।
पुलिस ने मंगलवार को घटना की जानकारी देते हुये बताया कि सूचना मिलते ही सूरजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा किए गए सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड में पेट के अंदर कोई गोली नहीं मिली तथा सभी आंतरिक अंग सुरक्षित पाए गए। चिकित्सकों ने कहा घायल की हालत सामान्य है और वह खतरे से बाहर है।
घायल के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी सुरेंद्र फौजी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित