राजनांदगांव , अक्टूबर 28 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में गुटखा निर्माण इकाई में काम करने के दौरान मशीन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई है।
पुलिस से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले की एक स्थानीय गुटखा निर्माण इकाई में मजदूर नियमित रूप से काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका हाथ मशीन में फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तत्काल मशीन बंद कर घायल मजदूर को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
बताया गया है कि हादसे में मजदूर को गंभीर चोटें आई थीं और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ था। अस्पताल में चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों में शोक व्याप्त है।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ ही निर्माण इकाई में श्रमिकों की सुरक्षा के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की भी पड़ताल कर रही है। जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि दुर्घटना मशीन में तकनीकी खराबी के कारण हुई अथवा सुरक्षा उपायों में किसी प्रकार की लापरवाही बरती गई थी।
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित