नयी दिल्ली , जून 16 -- पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने उन मीडिया रिपोर्टों को गलत बताया है जिनमें भारत के गहरे समुद्र में गुजरात से ओमान और अन्य खाड़ी देशों को जोड़ने वाली एक ऊर्जा पाइपलाइन बनाने का दावा किया गया है।
मंत्रालय ने मंगलवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा कि उसने उन मीडिया रिपोर्टों का संज्ञान लिया है जिनमें कहा गया है कि भारत सरकार सक्रिय रूप से गहरे समुद्र में एक ऊर्जा पाइपलाइन का निर्माण कर रही है, जिसे पश्चिम एशिया-भारत डीपवाटर पाइपलाइन (एमईआईडीपी) का नाम दिया जा रहा है। यह पाइपलाइन गुजरात को ओमान और अन्य खाड़ी देशों से जोड़ती है।
मंत्रालय ने कहा है कि इन खबरों के बारे में वह यह स्पष्ट करना चाहता है कि इस प्रकार का कोई प्रस्ताव अभी मंत्रालय में विचाराधीन नहीं है। इस परियोजना को लेकर मंत्रालय की किसी भी स्तर पर ओमान या किसी अन्य खाड़ी देश के साथ कोई सक्रिय चर्चा या बातचीत नहीं चल रही है।
उसने कहा है कि इस संबंध में सभी अटकलों पर विराम लगाने के लिए यह स्पष्टीकरण जारी किया गया है।
उल्लेखनीय है कि इन मीडिया रिपोर्टों में यहां दावा किया गया था कि पश्चिम एशिया संकट के कारण ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित होने के मद्देनजर भारत ने यह पाइपलाइन बनाने का निर्णय लिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित