चंडीगढ़ , सितंबर 30 -- आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पंजाब में नशा मुक्ति यात्रा के समापन कार्यक्रम के दौरान दिये गये बयानों पर पलटवार करते हुए गुजरात में 526 किलोग्राम हेरोइन और मेथामफेटामाइन की जब्ती का मुद्दा उठाया।

आप ने कहा कि भारतीय तटरक्षक बल और गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) की संयुक्त कार्रवाई में अरब सागर में एक ईरानी नाव से 526 किलोग्राम नशीले पदार्थ जब्त किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 3,000 करोड़ रुपये से अधिक बतायी गयी है। इस मामले में पांच पाकिस्तानी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है।

पार्टी ने कहा कि शाह को पंजाब को नशे के मुद्दे पर निशाना बनाने के बजाय गुजरात और अन्य राज्यों से जुड़े कथित अंतरराज्यीय नशीले पदार्थ नेटवर्क पर भी जवाब देना चाहिए। आप ने दावा किया कि पंजाब में पहुंचने वाली बड़ी मात्रा में दवाओं की आपूर्ति अन्य राज्यों से होती है और केंद्र तथा संबंधित राज्य सरकारों को इस नेटवर्क पर कार्रवाई करनी चाहिए।

आप के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि भाजपा को गुजरात में बंदरगाहों और समुद्री मार्ग से पकड़े जा रहे नशीले पदार्थों के मामलों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने पंजाब में चल रही नशे के खिलाफ कार्रवाई को भी रेखांकित किया और कहा कि सीमा पार तथा अंतरराज्यीय तस्करी रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के बीच समन्वय जरूरी है।

श्री धालीवाल ने पंजाब के पूर्व मंत्री एवं शिरोमणि अकाली दल नेता बिक्रम सिंह मजीठिया तथा पूर्व पुलिस अधिकारी जगदीश सिंह भोला से आमने-सामने पूछताछ की मांग भी दोहरायी। पंजाब पुलिस की विशेष जांच टीम ने दोनों को 05 अक्टूबर को पूछताछ के लिए तलब किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित