जयपुर , अक्टूबर 22 -- गुजरात सरकार ने वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट (वीजीजीएस) 2027 के तहत गुरुवार को राजस्थान की राजधानी जयपुर में रोड शो आयोजित कर राजस्थान के कारोबारी समुदाय को गुजरात में निवेश के अवसर तलाशने का न्योता दिया।

इस अवसर पर गुजरात के श्रम, कौशल विकास एवं रोज़गार तथा ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कुंवरजी भाई बावलिया ने मीडिया को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह रोड शो वीजीजीएस-2027 के लिए आयोजित किया गया और यह सम्मेलन 10 से 12 जनवरी, 2027 तक गांधीनगर के महात्मा मंदिर में होगा।

श्री बावलिया ने बताया कि इस रोड शो में राजस्थान भर से उद्योगपति, व्यापारी और कारोबारी प्रतिनिधि शामिल हुए। इससे दोनों पड़ोसी राज्यों के बीच निवेश के अवसरों और नई साझेदारियों पर बात करने का मंच मिला। गुजरात के प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग प्रतिनिधियों से अलग-अलग आमने-सामने बैठकें भी की। इनमें राज्य की उद्योग के अनुकूल नीतियों, बुनियादी ढांचे, औद्योगिक माहौल और निवेशकों को मिलने वाले सरकारी सहयोग के बारे में बताया गया।

उन्होंने बताया कि गुजरात में निवेश करने वाले व्यापारियों को अच्छी सुविधा प्रदान की जाती हैं और उन्हें किसी प्रकार की कोई असुविधा नहीं होने दी जाती हैं, इस कारण भी लोगों का गुजरात की तरफ रुझान भी हैं। उन्होंने बताया कि राजस्थान के कई व्यापारियों और उद्योगपतियों ने गुजरात में नए कारोबार की संभावनाएं तलाशने या अलग-अलग क्षेत्रों में वीजीजीएस 2027 में भाग लेने की प्रतिबद्धता जताई है।

उन्होंने बताया कि संभावित निवेशकों से जुड़ने और जनवरी में होने वाले सम्मेलन से पहले माहौल बनाने के लिए गुजरात सरकार दूसरे राज्यों और देशों में भी इसी तरह के रोड शो कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि वीजीजीएस 2027 में भाग लेने के इच्छुक निवेशकों को सरकार सहयोग देगी।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 में वाइब्रेंट गुजरात पहल और राज्य के विकास कार्यों से जुड़ी शासन यात्रा के 25 साल पूरे होंगे। भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में गुजरात का योगदान लगभग 8.3 प्रतिशत है और राज्य देश-विदेश के निवेश के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी पहचान लगातार मज़बूत कर रहा है।

इससे पहले रोड शो कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री बावलिया ने गुजरात सरकार की ओर से कारोबारियों का स्वागत करते हुए वाइब्रेंट गुजरात की शुरुआत का जिक्र करते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए 2003 में इस सम्मेलन की शुरुआत की थी, तब किसी राज्य द्वारा वैश्विक व्यापार सम्मेलन करने का विचार काफी नया था। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में वाइब्रेंट गुजरात आज निवेश, उद्योग और अंतरराष्ट्रीय व्यापार का एक बड़ा मंच बन चुका है।

उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्रभाई पटेल के नेतृत्व में राज्य अपने विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रहा है। इस वर्ष पहली बार आयोजित वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन (वीजीआरसी) गुजरात के अलग-अलग क्षेत्रों तक निवेश के अवसर पहुंचाने की दिशा में एक और कदम था।

उन्होंने कहा कि आज पूरा देश मानता है कि गुजरात में निवेश करने का यही सही समय है। गुजरात अवसरों का इंतज़ार नहीं करता, अवसर बनाता है। उन्होंने राजस्थान के कारोबारी समुदाय से आने वाले सम्मेलन में शामिल होने की अपील की। दोनों पड़ोसी राज्यों के पुराने रिश्तों पर बात करते हुए गुजरात ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड प्रबंध निदेशक शालिनी अग्रवाल ने दोनों राज्यों के सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और आर्थिक संबंधों का ज़िक्र किया। उन्होंने कहा "राजस्थान मेरी 'जन्मभूमि' है और गुजरात मेरी 'कर्मभूमि' आज मुझे राजस्थान और गुजरात को साथ लाने और विकसित भारत 2047 के संकल्प को आगे बढ़ाने में योगदान देने का अवसर मिला है, यह मेरे लिए गर्व की बात है।"उन्होंने भारत के औद्योगिक विकास में गुजराती और मारवाड़ी उद्यमियों के बड़े योगदान की सराहना की और गुजरात की विकास यात्रा में राजस्थान की भूमिका पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि निवेश, व्यापार, कौशल विकास और कारोबारी साझेदारी के ज़रिए दोनों राज्य अपनी साझा ताकत को और आगे बढ़ा सकते हैं।

श्रीमती शालिनी अग्रवाल ने गुजरात के उद्यमशील माहौल के बारे में बताते हुए कहा कि पूरे राज्य में कारोबार चल रहे हैं, जिन्हें स्थिर नीतियों, कारोबार को आसान बनाने पर ज़ोर और उद्योगों के लिए ज़मीन की उपलब्धता का सहारा मिलता है।

उन्होंने कहा कि मिलकर विकास करने की सोच पर आधारित वीजीजीएस 2027 का मकसद गुजरात और दूसरे राज्यों के बीच होड़ नहीं, बल्कि साझेदारी बनाना है। पास-पास होने और एक-दूसरे की औद्योगिक ताकतों को पूरा करने के कारण गुजरात और राजस्थान के पास विनिर्माण, सेवा क्षेत्र, व्यापार और कौशल विकास में मिलकर काम करने के कई अवसर हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित