अलवर , अगस्त 04 -- राजस्थान में अलवर में अरावली थाना पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए गुजरात के व्यापारी को जाल में फंसाकर उसका अपहरण और लूट करने वाले गिरोह का खुलासा किया है।

पुलिस सू्त्रों ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार करके वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने मंगलवार को बताया कि आरोपियों ने सोशल मीडिया पर गुजरात के एक व्यापारी से संपर्क किया। उसे सस्ते दाम में सामान उपलब्ध कराने का लालच देकर अलवर बुलाया गया। इसके बाद व्यापारी को एक्सप्रेस-वे की ओर ले जाकर उससे मारपीट की गई, डराया-धमकाया गया और उससे नकदी और फर्जी खातों में पैसे अंतिरत करवा लिये गये। घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने शहर और आसपास के क्षेत्रों के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल कार की पहचान हुई। वाहन मालिक से पूछताछ में पता चला कि कार किराए पर ली गयी थी। इसी आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने इसी तरह की अन्य वारदातें करना भी स्वीकार किया है। पुलिस ने बताया कि यह एक शातिर गिरोह है, जो सोशल मीडिया के जरिए व्यापारियों को फंसाकर लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित