खटीमा , जुलाई 27 -- उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला महोत्सव पखवाड़े के तहत ग्राम पंचायत भवन बंडिया में सेवा संकल्प फाउंडेशन की ओर से वृक्षारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन फाउंडेशन की ट्रस्टी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पत्नी गीता धामी के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए श्रीमती धामी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास पौधे लगाने के साथ ही उनकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधे सुरक्षित रहकर पेड़ बनें और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके।
ग्राम प्रधान सोमनाथ मौर्य ने सेवा संकल्प फाउंडेशन और श्रीमती धामी का आभार जताते हुए ग्रामीणों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी सुरक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर से पहुंचे डॉ. अजय प्रभाकर ने कहा कि सेवा संकल्प फाउंडेशन समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और जरूरतमंदों के कल्याण के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन पर्यावरण संरक्षण के साथ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक सहायता पहुंचाने और जनभागीदारी बढ़ाने का भी प्रयास कर रहा है।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। साथ ही सैकड़ों लोगों को निःशुल्क पौधे वितरित किए गए। उपस्थित लोगों ने पौधों को लगाने के साथ उनके पूर्ण विकसित होने तक नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य सतीश राणा, उपप्रधान अमित चौहान, पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र सिंह रिंकू सहित अनेक जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित