गोरखपुर , जुलाई 20 -- उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहे गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) में औद्योगिक विस्तार को नई गति मिली है। गीडा प्रबंधन ने 24 नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए विभिन्न आकार के औद्योगिक भूखंड आवंटित किए हैं। इन इकाइयों के स्थापित होने से क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि नव आवंटित भूखंडों पर रेडीमेड गारमेंट्स, प्लास्टिक उत्पादों सहित विभिन्न विनिर्माण इकाइयों की स्थापना की जाएगी। इन परियोजनाओं से गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

सूत्रों के अनुसार, गीडा प्रबंधन ने 510 वर्गमीटर से लेकर 4,800 वर्गमीटर तक के कुल 24 औद्योगिक भूखंडों का आवंटन किया है। इनमें सेक्टर-26 में 510 वर्गमीटर के दो, सेक्टर-13 में 1,950 वर्गमीटर के तीन, 2,100 वर्गमीटर के सात तथा 3,250 वर्गमीटर का एक भूखंड आवंटित किया गया है।

इसके अलावा सेक्टर-15 में 2,279 वर्गमीटर का एक, सेक्टर-27 में 3,771, 4,234 और 4,448 वर्गमीटर के एक-एक भूखंड आवंटित किए गए हैं। वहीं सेक्टर-28 (सामान्य) में 2,964 और 4,800 वर्गमीटर के एक-एक भूखंड तथा सेक्टर-28 स्थित प्लास्टिक पार्क में 2,116, 2,153 और 3,242 वर्गमीटर के तीन भूखंड विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के लिए आवंटित किए गए हैं।

गीडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अनुज मलिक ने बताया कि बेहतर सड़क अवसंरचना, निवेश-समर्थक सरकारी नीतियों और उद्यमियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के कारण गीडा निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है। उद्यमियों की मांग को देखते हुए 24 नई औद्योगिक इकाइयों के लिए भूखंड आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

उन्होंने कहा कि इन आवंटनों में छोटे, मध्यम और बड़े सभी प्रकार के उद्योगों को ध्यान में रखा गया है। नई इकाइयों के संचालन से क्षेत्र में औद्योगिक निवेश में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा स्थानीय स्तर पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध होंगे।

सीईओ ने कहा कि विशेष रूप से गारमेंट्स और प्लास्टिक उद्योग से जुड़ी इकाइयों के शुरू होने पर कुशल और अकुशल दोनों प्रकार के श्रमिकों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा, जिससे गोरखपुर और आसपास के जिलों की अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती प्राप्त होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित