दुबई , अगस्त 19 -- भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल और सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ताजा आईसीसी पुरुष टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष दस में बरकरार है। वहीं इंग्लैंड के बल्लेबाज हैरी ब्रूक ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ट्रैविस हेड को पछाड़कर एक फिर से नंबर वन पर आ गए हैं।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ओर से बुधवार को जारी ताजा रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के सलामी ट्रैविस हेड बंगलादेश के खिलाफ आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप सीरीज के पहले मैच में कम स्कोर बनाने के कारण सूची में नीचे खिसक गए हैं।

यह चौथी बार है जब ब्रूक बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचे है। उन्होंने पहली बार दिसंबर 2024 में नंबर वन पोजीशन हासिल की थी। जो रूट और स्टीव स्मिथ भी हेड से आगे निकल गए हैं। हेड डार्विन में सिर्फ 22 और 17 रन ही बना पाए, जहां बांग्लादेश ने नौ विकेट से बड़ी जीत हासिल करके दो मैचों की सीरीज में बढ़त बना ली। स्मिथ ने 71 और 44 रन बनाकर तीसरी पोजीशन हासिल की। ब्रूक के 852 रेटिंग अंक के साथ शीर्ष पर पहुंचे है।

भारतीय कप्तान शुभमन गिल सातवें स्थान तथा यशस्वी जायसवाल नौवें स्थान पर बरकरार है। बंगलादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो अपने करियर की बेस्ट 20वीं पोजीशन पर पहुंच गए हैं। अपनी एकमात्र पारी में 84 रन की पारी खेलकर वे नौ स्थान ऊपर चढ़े और भारत के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और अपने साथी खिलाड़ी लिटन दास से आगे निकल गए। नजमुल के 659 रेटिंग पॉइंट्स उनके देश के किसी बल्लेबाज के लिए छठे सबसे ज्यादा पॉइंट्स हैं।

कैमरन ग्रीन ने दूसरी पारी में शतक लगाकर पांच स्थान की बढ़त के साथ 30वीं पोजीशन हासिल की है। वहीं मोमिनुल हक (पांच स्थान ऊपर चढ़कर 31वें), शादमान इस्लाम (तीन स्थान ऊपर चढ़कर 58वें), मेहदी हसन मिराज (पांच स्थान ऊपर चढ़कर 59वें) और तंजिद हसन (84 स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 88वें) बैटिंग रैंकिंग में ऊपर चढ़ने वाले अन्य खिलाड़ी हैं।

तेज गेंदबाज हसन महमूद ने 'प्लेयर ऑफ द मैच' प्रदर्शन से अच्छी बढ़त बनाई है। पहली पारी में 55 रन देकर छह विकेट लेने के बाद वे 26 स्थान ऊपर चढ़कर 38वें नंबर पर पहुंच गए हैं, जबकि दूसरी पारी में 66 रन देकर पांच विकेट लेने के बाद मेहदी तीन स्थान ऊपर चढ़कर 24वें नंबर पर आ गए हैं।

आईसीसी पुरुष वनडे प्लेयर रैंकिंग में इस हफ्ते सबसे बड़ी बढ़त अफगानिस्तान के बाएं हाथ के बल्लेबाज सेदिकुल्ला अटल ने हासिल की है। आयरलैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज के आखिरी दो मैचों में 143 और 98 रन की उनकी पारियों ने उन्हें 37 स्थान ऊपर चढ़कर 33वीं पोजीशन पर पहुंचने में मदद की है। आयरलैंड के कर्टिस कैम्फर ने 84 और 96 रन बनाकर रैंकिंग में 23 पायदान की छलांग लगाई है और वे 36वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित