गिरिडीह , जून 06 -- झारखंड के गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र में डुमरी-गिरिडीह मुख्य मार्ग स्थित पिपराडीह पुल के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे पिता और पुत्र की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक दो कारों और एक बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में छह वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं इलाज के लिए धनबाद ले जाने के क्रम में उसके पिता की भी रास्ते में मौत हो गई। इस हादसे में एक किशोरी समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार बताया जाता है कि खांकीकला निवासी अब्बु हयात अपनी पत्नी रुबेना खातून, पुत्री अलीना परवीन और 6 वर्षीय पुत्र अमीनुल के साथ बाइक से बेरगी में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान पिपराडीह पुल के पास एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पीछे से आ रही दूसरी कार भी पहली कार से जा टकराई, जिससे कार के परखच्चे उड़ गया। घटना में बाइक सवार पूरा परिवार गंभीर रूप से घायल हो गया। 6 वर्षीय अमीनुल की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को डुमरी रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अमीनुल को मृत घोषित कर दिया। वहीं अब्बू हयात और रूबीना खातून की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें धनबाद रेफर कर दिया, लेकिन अब्बू हयात ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
इधर घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी वाहनों को जब्त कर थाना ले गई है। साथ ही पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित